दुमका से बड़ी खबर : मयूराक्षी नदी में डूबे चार छात्र, एक का शव बरामद, तीन की तलाश जारी

 



जागता झारखंड दुमका ब्यूरो।दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मयूराक्षी नदी में नहाने गए चार छात्र डूब गए। इनमें से एक छात्र कृष्ण सिंह (17 वर्ष) का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन छात्रों – आर्यन कुमार, कृष और आर्यन – की तलाश जारी है।


घटना का ब्यौरा:

बताया जा रहा है कि चारों छात्र देर शाम घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच जामा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव के स्थानीय लोगों ने नदी किनारे कुछ कपड़े और मोबाइल देखे। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


गोताखोरों की टीम लगी तलाश में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। देर रात तक चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में कृष्ण सिंह का शव नदी से निकाला गया, जबकि बाकी तीन छात्र लापता हैं। लगातार बारिश से मयूराक्षी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे खोजबीन में कठिनाई आ रही है। फिलहाल नदी में लगभग 20 फीट तक पानी है।


स्थानीय लोग मिनी गोवा कहते हैं स्थल को

जहां यह हादसा हुआ, उस जगह को लोग स्थानीय भाषा में मिनी गोवा कहते हैं, क्योंकि यहां पूरे साल पानी भरा रहता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में इसी स्थान पर नहाने गए छह छात्र डूब गए थे, जिनमें से पाँच के शव बरामद हुए थे, लेकिन एक छात्र आज तक लापता है।

एसपी ने दी जानकारी

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि घटना की जानकारी रात में ही मिल गई थी। इसके बाद से लगातार गोताखोरों की मदद से छात्रों की तलाश की जा रही है। शवों को बरामद करने के बाद पुलिस पोस्टमॉर्टम कर आगे की कार्रवाई करेगी। यह मयूराक्षी नदी में इस साल का सबसे बड़ा हादसा माना जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने